वॉशिंगटन: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद इस्राईल को दी जाने वाली सैन्य मदद का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। अमेरिकी पत्रिका फॉरेन पॉलिसी की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि नई अमेरिकी कांग्रेस को वॉशिंगटन की इस्राईल के प्रति सैन्य नीति पर दोबारा विचार करना चाहिए और उसे हथियारों की बिक्री तथा सप्लाई पूरी तरह बंद कर देनी चाहिए।
अरब जगत के लिए लोकतंत्र संगठन (DAWN) के कार्यकारी निदेशक उमर शाकिर ने पत्रिका में लिखे अपने लेख में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से 2026 के अंत तक इस्राईल को दी जाने वाली सालाना 3.8 अरब डॉलर की सैन्य सहायता रोकने की घोषणा पर्याप्त नहीं है। अमेरिका को इस्राईल को हथियार बेचना और भेजना भी बंद करना चाहिए।
शाकिर ने सर्वेक्षणों का हवाला देते हुए लिखा कि करीब 60 प्रतिशत अमेरिकी नागरिक ईरान के खिलाफ युद्ध को गलत मानते हैं, जबकि 56 प्रतिशत लोग इस्राईल को दी जाने वाली सैन्य सहायता कम करने या पूरी तरह बंद करने के पक्ष में हैं।
उन्होंने नई कांग्रेस से मांग की कि इस्राईल के सैन्य बजट के लिए धन देना बंद किया जाए, हथियारों की बिक्री और संयुक्त सैन्य सहयोग रोका जाए तथा मानवाधिकार कानूनों के तहत सैन्य सहायता पर और कड़ी पाबंदियां लगाई जाएं।
उन्होंने ईरान के साथ युद्ध खत्म करने के लिए प्रस्ताव पारित करने की भी मांग की। उनके मुताबिक, अमेरिकी कांग्रेस को विदेश नीति पर निगरानी रखने की अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी दोबारा निभानी चाहिए।
गौरतलब है कि ट्रंप ने कुछ दिन पहले कहा था कि अमेरिका इस साल के अंत तक इस्राईल को करीब 4 अरब डॉलर की सैन्य सहायता देना बंद कर देगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में इस्राईली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ सहमति बनी है।
हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर भविष्य में इस्राईल को मदद की जरूरत पड़ी तो अमेरिका उसकी सहायता कर सकता है।
आपकी टिप्पणी